
भारतीय राजनीति चुपचाप बदल रही है। इतनी चुपचाप कि शायद पारंपरिक राजनीति को अभी तक उसकी आहट भी सुनाई नहीं दी। अब आंदोलन सिर्फ सड़कों पर नहीं बनते, वे इंस्टाग्राम रील्स में जन्म लेते हैं, रेडिट थ्रेड्स में आकार लेते हैं, मीम पेजों पर वायरल होते हैं और ट्विटर/एक्स के कमेंट सेक्शन में नई राजनीतिक भाषा गढ़ते हैं।
भारतीय लोकतंत्र का एक बड़ा हिस्सा अब डिजिटल स्क्रीन पर घटित हो रहा है। और इसी बदलती हुई राजनीतिक संस्कृति का शायद सबसे विचित्र, लेकिन सबसे दिलचस्प उदाहरण है— “कॉकरोच जनता पार्टी”।
पहली नज़र में यह एक इंटरनेट मजाक लगता है। एक और मीम ट्रेंड, एक और वायरल पेज। लेकिन थोड़ा ठहरकर देखिए, तो यह समकालीन भारत के निराश और हताश युवाओं का मनोवैज्ञानिक आईना भी दिखाई देता है। यह सिर्फ एक मीम इकोसिस्टम की कहानी नहीं है, बल्कि उस पीढ़ी की कहानी है जिसने मेरिटोक्रेसी के सपने देखे थे, लेकिन बदले में एल्गोरिदमिक अनिश्चितता पाई।

जिसने डिग्रियां हासिल कीं, लेकिन स्थिरता नहीं। जो राजनीतिक रूप से जागरूक है, हाइपर-कनेक्टेड है, लेकिन साथ ही भीतर से गहराई से डिस्कनेक्टेड भी महसूस करती है।
एक ऐसी पीढ़ी, जो हर सुबह लिंक्डइन पर मोटिवेशनल पोस्ट पढ़ती है और हर रात जॉब पोर्टलों पर सन्नाटा देखती है। शायद इसी भावनात्मक विरोधाभास ने “कॉकरोच जनता पार्टी” को रातोंरात इंटरनेट सनसनी बना दिया।
पूरा घटनाक्रम इंटरनेट युग की राजनीति का एक दिलचस्प केस स्टडी है। सुप्रीम कोर्ट की एक सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत की कथित “कॉकरोच” टिप्पणी सोशल मीडिया पर बिजली की गति से फैल गई। बाद में यह स्पष्ट किया गया कि कथन को संदर्भ से बाहर प्रस्तुत किया गया था। लेकिन इंटरनेट संस्कृति संदर्भ से कम और भावनात्मक गति से ज्यादा संचालित होती है। डिजिटल प्लेटफॉर्म अक्सर सूक्ष्मताओं को संक्षिप्त कर देते हैं, और वही संकुचित भावनाएं मीम बनकर फैलने लगती हैं।यहीं से शुरू हुआ एक अनोखा इंटरनेट-जनित राजनीतिक व्यंग्य। यहां ध्यान देने वाली बात सिर्फ इसका वायरल होना नहीं है, बल्कि यह है कि आखिर लाखों युवाओं ने इस व्यंग्य में खुद को क्यों देखा?
दरअसल, भारत का बेरोजगार युवा अब सिर्फ गुस्सा व्यक्त नहीं कर रहा, बल्कि मीम्स के जरिए अपनी राजनीतिक भाषा भी गढ़ रहा है। “कॉकरोच जनता पार्टी” ने उसी सामूहिक निराशा को एक दृश्य पहचान दे दी। एक ऐसी डिजिटल सौंदर्यशास्त्र, जिसमें आत्म-व्यंग्य भी है, निराशा भी, विद्रोह भी और विडंबना भी।
यह पारंपरिक विचारधारा वाली राजनीति नहीं है। यहां मार्क्स बनाम मार्केट या वाम बनाम दक्षिणपंथ की पाठ्यपुस्तकीय बहसें नहीं चल रहीं। यह जेन-ज़ी की इंटरनेट राजनीति है, जहां घोषणापत्र से ज्यादा मीम टेम्पलेट वायरल होता है, और विचारधारा से ज्यादा जुड़ाव मायने रखता है।
लेकिन इसे सिर्फ मजाक समझ लेना शायद सबसे बड़ी विश्लेषणात्मक भूल होगी। जब कोई आंदोलन अपनी सदस्यता की शर्तों में “बेरोजगार होना”, “आलसी होना” या “पेशेवर शिकायतकर्ता” होना लिखता है, तो वह केवल हास्य नहीं कर रहा होता। वह रोजगार संबंधी चिंता को व्यंग्य में बदल रहा होता है। यानी यहां हास्य सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि मानसिक राहत का माध्यम बन जाता है।
जब व्यवस्था युवाओं को अवसर नहीं देती, तब इंटरनेट उन्हें व्यंग्य दे देता है।”
पिछले दशक में मीम्स इंटरनेट मनोरंजन का हिस्सा थे। अब वे राजनीतिक संचार के बुनियादी ढांचे का हिस्सा बन चुके हैं। पहले नेता रैलियां करते थे, अब नैरेटिव मीम टेम्पलेट्स में यात्रा करते हैं। पहले विचारधारा पैम्फलेट में लिखी जाती थी, अब इंस्टाग्राम कैरोसेल और मीम फॉर्मैट में कोड होती है। पहले राजनीतिक गुस्सा भाषणों में दिखता था, अब वह डार्क ह्यूमर में दिखाई देता है।
“कॉकरोच जनता पार्टी” का कुछ ही घंटों में लाखों फॉलोअर्स तक पहुंचना सिर्फ एल्गोरिदमिक सफलता नहीं है। यह उस मौन निराशा का संकेत है, जिसे मुख्यधारा की राजनीति शायद अब भी पूरी तरह समझ नहीं पाई है।भारत का शिक्षित लेकिन अल्प-रोजगार वाला युवा लगातार अधिक निंदक होता जा रहा है। उसे भाषणों पर भरोसा कम और व्यंग्य पर ज्यादा होने लगा है। वह राजनीतिक बहसों को गंभीरता से लेते हुए भी उन्हें मीम फॉर्मैट में ग्रहण करता है।और शायद यही वजह है कि यह ट्रेंड एक साथ मजेदार भी लगता है और गहराई से बेचैन करने वाला भी। क्योंकि “कॉकरोच जनता पार्टी” मजाक कम और सामूहिक थकान ज्यादा महसूस होती है।
ध्यान दीजिए— यह आंदोलन किसी एक विचारधारा के पक्ष में खड़ा नहीं दिखता। यह दरअसल एंटी-एस्टैब्लिशमेंट मानसिकता का डिजिटल लक्षण अधिक प्रतीत होता है। वह मानसिकता, जिसमें युवा पारंपरिक राजनीतिक भाषा से भावनात्मक रूप से कटकर व्यंग्य को अपना हथियार बना रहा है।आज का भारतीय युवा गुस्से भरे पैम्फलेट नहीं लिखता, वह व्यंग्यात्मक रील बनाता है। वह घोषणापत्र नहीं पढ़ता, लेकिन मीम तुरंत समझ लेता है। वह राजनीतिक भाषण छोड़ सकता है, लेकिन डार्क ह्यूमर वाला 30 सेकंड का वीडियो अंत तक देखता है।यानी राजनीति बदल रही है, और उससे भी तेज़ बदल रही है उसकी अभिव्यक्ति की भाषा। इसलिए “कॉकरोच जनता पार्टी” को सिर्फ इंटरनेट मजाक कहकर खारिज करना जल्दबाजी होगी।हो सकता है यह कुछ हफ्तों बाद इंटरनेट इतिहास का हिस्सा बन जाए। लेकिन यह भी संभव है कि यह भारतीय युवाओं के भीतर जमा बेरोजगारी, संस्थागत अविश्वास, भावनात्मक थकान और डिजिटल विद्रोह का शुरुआती सांस्कृतिक संकेत हो।
एक ऐसा संकेत, जो हंसते-हंसते व्यवस्था से सबसे असहज सवाल पूछ रहा है।